मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर 30 जून को चलेगा #JharkhandSIR सोशल मीडिया अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर 30 जून को चलेगा #JharkhandSIR सोशल मीडिया अभियान

सरायकेला, 29 जून : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता पहुंचाने और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावाँ जिला प्रशासन 30 जून (मंगलवार) को विशेष सोशल मीडिया अभियान चलाएगा। यह अभियान #JharkhandSIR हैशटैग के साथ फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आयोजित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार यह अभियान पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक संचालित होगा। अभियान के माध्यम से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी अधिकाधिक नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के निकटतम मतदान केंद्रों पर उपस्थित होकर अथवा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खातों के माध्यम से निर्धारित पोस्टर एवं लीफलेट में दिए गए संदेशों का वाचन करते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा करें। इससे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलने की उम्मीद है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस विशेष सोशल मीडिया अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे #JharkhandSIR हैशटैग का उपयोग करते हुए जागरूकता संबंधी सामग्री साझा करें और मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Share This Article