टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ऑटो की भिड़ंत, छह यात्री घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ऑटो की भिड़ंत, छह यात्री घायल

चांडिल, 07 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को हुए सड़क हादसे में छह यात्री घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करनीडीह के समीप चांडिल से चिलगु की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक ऑटो की दूसरी ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ऑटो में सवार कई यात्री घायल हो गए, वहीं दूसरे ऑटो चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को प्राथमिक सहायता प्रदान की गई तथा उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी, हालांकि बताया जा रहा है कि अधिकांश घायल चांडिल डैम रोड क्षेत्र के निवासी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता एवं ‘हाईवे किंग’ के नाम से चर्चित शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल एनएचएआई की पाटा टोल प्लाजा स्थित एम्बुलेंस सेवा और चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी। एम्बुलेंस पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।

सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

इस बीच स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

Share This Article