सारंडा में नक्सलियों की कायराना हरकत, IED विस्फोट में कोबरा 209 के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक घायल

चाईबासा/रांची, 01 मार्च : पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर लगाए गए प्रेशर IED में विस्फोट हो गया। इस घटना में Central Reserve Police Force की कोबरा बटालियन 209 में तैनात असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व से बिछाए गए प्रेशर IED पर जवानों का पैर पड़ते ही जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा, लेकिन जवानों ने साहस और संयम का परिचय देते हुए मोर्चा संभाले रखा।
घायल असिस्टेंट कमांडेंट को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एयरलिफ्ट कर Ranchi भेजा गया। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में कुछ अन्य जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए लाया जा रहा है।
सारंडा का इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। हाल के दिनों में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे लगातार अभियानों से नक्सलियों पर दबाव बढ़ा है, जिसके चलते वे IED जैसे कायराना हथकंडों का सहारा ले रहे हैं।
सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना के बावजूद अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने की कार्रवाई में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
इस बीच, घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए पूरे राज्य में उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की जा रही है।



