चांडिल–पुरुलिया रोड पर पितकी फाटक बना मुसीबत, 48 घंटे से जाम… लोग हुए परेशान

भारी गाड़ियों की लंबी कतार, एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं भी फँसीं; ओवरब्रिज अधूरा होने से बढ़ी परेशानी
चांडिल, 30 नवंबर : सरायकेला–खरसावां जिला के नीमडीह थाना क्षेत्र में चांडिल–पुरुलिया रोड स्थित पितकी रेलवे फाटक पिछले दो दिनों से जाम का सिरदर्द बना हुआ है। शुक्रवार रात से शुरू हुआ जाम शनिवार और रविवार को भी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हालत यह है कि गाड़ियाँ कई घंटे लाइन में खड़ी रह जा रही हैं।
शनिवार सुबह से ही फाटक के दोनों तरफ ट्रकों और भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी जाम में एंबुलेंस, यात्री गाड़ी, दूध और दवा जैसी जरूरी सामान ढोने वाली गाड़ियाँ भी फँसी रहीं, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
नीमडीह पुलिस, रेलवे पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंचकर जरूरी सेवाओं को पहले निकालने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि लोगों को थोड़ी राहत मिल सके।
जाम क्यों लग रहा है? — पड़ताल में सामने आए असली कारण
मानभूम अपडेट्स की टीम ने रेलवे, स्थानीय प्रशासन और आसपास के लोगों से बात कर जाम की वजह खोजने की कोशिश की। चांडिल बाईपास चालू हो जाने के बावजूद पुराने रोड पर जाम का असली कारण कुछ इस तरह से निकला—पितकी फाटक से दो बड़ी रेल लाइन गुजरती है। यहां से सीकेपी–आद्रा और सीकेपी–रांची दो अहम रेल रूट गुजरते हैं। दोनों तरफ से हर रोज कई यात्री ट्रेन और मालगाड़ी आती–जाती हैं। हाल के दिनों में मालगाड़ियों की संख्या और बढ़ गई है। इसी वजह से हर आधे घंटे पर फाटक बंद करना पड़ रहा है।
शादी–पिकनिक का मौसम, छोटे वाहनों की भीड़
इस मौसम में शादी–पार्टी और पिकनिक का सीजन चल रहा है। शनिवार–रविवार को छुट्टी होने के कारण लोग ज्यादा घूमने निकलते हैं। छोटे वाहनों की भीड़ बढ़ जाने से जाम और लंबा हो जाता है।
सड़क संकरी, ओवरब्रिज का काम बीच में अटका
फाटक के दोनों तरफ सड़क आज भी संकरी है। वहीं पितकी ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा पड़ा है। पूरा ट्रैफिक अभी भी इसी फाटक से गुजरता है, जिससे जाम लगना आम हो गया है।
भारी गाड़ियों को निकलने का मौका नहीं मिलता
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब भी फाटक खुलता है, जरूरी सेवाएँ और छोटे वाहन पहले निकलते हैं। तब तक दोबारा ट्रेन आ जाती है और फाटक फिर बंद हो जाता है। इस तरह भारी वाहन लगातार लाइन में दबे रहते हैं, और धीरे–धीरे जाम कई किलोमीटर तक फैल जाता है।
ओवरब्रिज बनेगा तभी खत्म होगी दिक्कत
लोगों का कहना है कि जब तक पितकी रेलवे ओवरब्रिज नहीं बन जाता, तब तक यह जाम रोज़ की समस्या बनी रहेगी। फाटक बंद–खुलने के चक्कर में आम जनता, स्कूल–कॉलेज जाने वाले, मरीज और ट्रक ड्राइवर सभी परेशान हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद है और ट्रैफिक सामान्य करने की कोशिश कर रही है, लेकिन भारी वाहनों की लंबी कतार अभी भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।



