चांडिल, 11 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के महत्वपूर्ण चौका-कांड्रा टोल रोड की बदहाल स्थिति को लेकर अब राजनीतिक और जनआक्रोश तेज होने लगा है। उक्त सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं, खासकर चौका क्षेत्र के आसपास स्थिति अत्यंत भयावह है। भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और आए दिन वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
कोल्हान आयुक्त कार्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक के अधिकारी अक्सर इसी मार्ग से रांची आते-जाते हैं, इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। चौका-कांड्रा मार्ग केवल ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले के हजारों लोगों के लिए राजधानी रांची पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि रोजाना लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
लगभग एक वर्ष से जर्जर पड़े इस टोल रोड को लेकर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह ईचागढ़ के पूर्व विधायक प्रत्याशी हरेलाल महतो ने सरकार और सड़क निर्माण एजेंसी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हरेलाल महतो ने उक्त सड़क पर टोल वसूली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब यह एक टोल रोड है तो इसकी देखरेख करने वाली एजेंसी आखिर क्या कर रही है।
उन्होंने कहा कि वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की मरम्मत के नाम पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही। सड़क किनारे रहने वाले दुकानदार और स्थानीय ग्रामीण पिछले एक साल से धूल और कीचड़ के बीच नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गर्मी में उड़ती धूल और बारिश में जमा कीचड़ ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन सड़क जाम आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी।