स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए आदित्यपुर में निःशुल्क प्रशिक्षण, हाइजीन किट और प्रमाण पत्र वितरित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए आदित्यपुर में निःशुल्क प्रशिक्षण, हाइजीन किट और प्रमाण पत्र वितरित

आदित्यपुर, 30 नवंबर : फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन परोसने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, सरायकेला–खरसावां ने रविवार को आदित्यपुर स्थित जस्ट चिल रेस्टोरेंट के सभागार में निःशुल्क प्रशिक्षण और हाइजीन किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सर्व सेफ फूड : सुरक्षित भोजन परोसना एवं बेचना” रहा।

प्रशिक्षण में विभाग की ओर से बताया गया कि स्वच्छता न केवल ग्राहकों के स्वास्थ्य से जुड़ी है, बल्कि दुकानदारों की आजीविका और रोजगार वृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों को व्यक्तिगत स्वच्छता, दुकान की सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, तापमान प्रबंधन, बर्तनों की सफाई, सुरक्षित पेयजल एवं कीटाणु नियंत्रण जैसे विषयों पर विशेष जानकारी दी गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और FSS नियम 2011 के उन प्रावधानों की भी व्याख्या की गई, जो स्ट्रीट फूड वेंडर्स पर लागू होते हैं।

इस अवसर पर मौजूद खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने कहा कि सुरक्षित भोजन की सुनिश्चितता हर विक्रेता की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि औद्योगिक रंगों का प्रयोग न करें और अखबार में भोजन परोसने की प्रथा तुरंत बंद करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में बताए गए नियमों को अपनाने से ग्राहक संतुष्टि और व्यापार दोनों में वृद्धि होगी।

प्रशिक्षण का संचालन FoSTaC ट्रेनर विशाल आनंद ने किया, जिन्होंने उदाहरणों और प्रायोगिक डेमो के माध्यम से विषयों को सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क हाइजीन किट, FoSTaC प्रमाण पत्र, गोल्डन रूल्स बुकलेट और नेस्ले–नासवी का संयुक्त सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।

लगभग 100 स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने पहले दिन प्रशिक्षण लिया। यह कार्यक्रम सोमवार को भी जारी रहेगा, और कुल 200 दुकानदारों को निःशुल्क प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

Share This Article