पटमदा के सिसदा में बत्तख पकड़ो प्रतियोगिता, सुमित्रा टुडू बनीं विजेता

पटमदा, 15 जनवरी : मकर संक्रांति के अवसर पर पटमदा प्रखंड की लावा पंचायत अंतर्गत सिसदा गांव में परंपरागत टुसू मेला, मुर्गा पाड़ा एवं चर्चित बत्तख पकड़ो प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। सिसदा गांव स्थित टोटको नाला (छोटी नदी) में आयोजित इस आयोजन में पटमदा व बोड़ाम क्षेत्र सहित दूर-दराज से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और दिनभर मेले का आनंद लिया।
शत-प्रतिशत आदिवासी बहुल सिसदा गांव का यह मेला लगभग सौ वर्ष पुराना है, जबकि बत्तख पकड़ो प्रतियोगिता पिछले करीब 60 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। समिति सदस्य आह्लाद सिंह ने बताया कि इस परंपरा की शुरुआत दिवंगत सुरेंद्र सिंह एवं भास्कर सिंह द्वारा नदी किनारे शिवलिंग की स्थापना कर पूजा-अर्चना एवं बत्तख छोड़ने से हुई थी। पूजा के बाद नदी में छोड़ी गई बत्तख को पकड़ने वाली महिला को वस्त्र एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया जाता है।
कड़ाके की ठंड में घंटों पानी में उतरकर बत्तख पकड़ना साहस और धैर्य की परीक्षा होती है। इस वर्ष 21 श्रद्धालुओं द्वारा बत्तखों की पूजा कराई गई। प्रतियोगिता में सुमित्रा टुडू (गाड़ीग्राम) ने पहला पुरस्कार प्राप्त किया। अन्य विजेताओं में अंजली मुर्मू, राहला मुर्मू, आरती मुर्मू, अंजली मार्डी, फाल्गुनी मुर्मू, ललिता हेंब्रम, पूर्णिमा बेसरा, सूरजमणि मुर्मू, सुनिया मुर्मू, सुशीला सोरेन एवं रीता सहिस शामिल रहीं।
मेले के दौरान टुसू गीतों और पारंपरिक पूजा के साथ क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।



