पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिल रहीं जान से मारने की धमकियां, परिवार दहशत में

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिल रहीं जान से मारने की धमकियां, परिवार दहशत में

 

Manbhum Updates| Desk, 22 May

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनावी दौरे के दौरान झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए दुकानदार बिक्रम साव को अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश के नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल किए जा रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार धमकी मिलने के बाद बिक्रम साव ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाड़ग्राम में एक चुनावी रैली के बीच अचानक बिक्रम साव की छोटी सी दुकान पर पहुंचकर झालमुड़ी खाई थी। पीएम मोदी का आम लोगों के बीच बैठकर झालमुड़ी खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था और यह पूरे चुनाव में चर्चा का बड़ा विषय बन गया था।
उस समय यह घटना राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक खूब सुर्खियों में रही थी। यहां तक कि चुनावी माहौल में “झालमुड़ी” भी एक प्रतीकात्मक राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बन गई थी। अब उसी दुकानदार को मिल रही धमकियों ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article