गम्हरिया में सड़क सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान

गम्हरिया, 15 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह – 2026 के तहत जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में आयोजित मेले के दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा पतंग उड़ाकर एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, सुरक्षित वाहन संचालन, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत स्वयं से करें और अपने परिवार व मित्रों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। साथ ही मंदिर परिसर के समीप पतंग उड़ाकर सकारात्मक एवं रचनात्मक तरीके से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया, जिससे लोगों के बीच जागरूकता फैलाई जा सके। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार, सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



