शहर में ‘क्लीन-अप ऑपरेशन’: देह व्यापार के खिलाफ रांची पुलिस की समन्वित कार्रवाई, देह व्यापार करती हुए युवतियां हुई हिरासत में

रांची, 01 मार्च : राजधानी में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए Ranchi Police ने रविवार को एक साथ कई थाना क्षेत्रों में समन्वित छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई वरीय अधिकारियों के निर्देश पर योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिसका उद्देश्य शहर में संचालित कथित देह व्यापार के नेटवर्क की परतें खोलना है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने खेलगांव, चुटिया सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में दबिश दी। संदिग्ध गतिविधियों वाले कई ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान मौके से कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। सूचना की पुष्टि और निगरानी के बाद एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर संभावित नेटवर्क को चिन्हित करने की कोशिश की गई। इस अभियान में स्थानीय थाना पुलिस के साथ विशेष टीम भी शामिल रही।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी संकेत दिए गए हैं कि यदि अन्य क्षेत्रों से भी शिकायतें मिलती हैं तो अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
राजधानी में इस तरह की समन्वित कार्रवाई को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



