“स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025” को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न, उप विकास आयुक्त ने दिए जरूरी निर्देश

सरायकेला, 17 जुलाई : स्वच्छता को लेकर केंद्र सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025” की तैयारियों को लेकर आज समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने की।
बैठक में जिले के पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, SBM-G के जिला एवं प्रखंड समन्वयक, पंचायत सचिव, JSLPS के प्रतिनिधि, सेविका-सहिया, बीपीएम, SHG की दीदियाँ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि 22 जुलाई से ग्राम पंचायतों में स्वच्छता मूल्यांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है, जिसके लिए सभी स्तरों पर सुनियोजित और जिम्मेदाराना कार्य करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान दिलाना एक प्राथमिकता है।
बैठक में प्रमुख बिंदुओं पर निर्देश दिए गए – ODF प्लस पंचायतों की संख्या में बढ़ोतरी – सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई, कार्यशीलता और कचरा प्रबंधन की स्थिति का व्यापक सत्यापन करने को कहा गया। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) – कचरा संकलन, पृथक्करण, कंपोस्टिंग और गड्ढा निर्माण जैसे कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। IEC गतिविधियों को बढ़ावा – नुक्कड़ नाटक, रैली, पोस्टर प्रदर्शन, पेंटिंग और दीवार लेखन जैसी गतिविधियों से जन-जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। डिजिटल व सोशल मीडिया एक्टीविटी – डिजिटल टैगिंग, जियो टैगिंग, सोशल मीडिया रिपोर्टिंग व फीडबैक के माध्यम से अभियान की निगरानी एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही गई। प्रगति की निगरानी – पंचायत स्तर पर सभी दस्तावेजों का अद्यतन रखना, डेटा अपलोडिंग व फोटो साक्ष्य की समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उप विकास आयुक्त ने विशेष रूप से कहा कि इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन आंदोलन के रूप में अपनाना होगा। उन्होंने SHG की दीदियों, सेविका, सहिया, BPM व अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
बैठक के अंत में उन्होंने यह भी जोड़ा कि जन भागीदारी और सामुदायिक सहयोग से ही जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी स्थान पर लाया जा सकता है।



