मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत रघुनाथपुर उच्च विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को जेआईएस फाउंडेशन द्वारा किया गया सम्मानित
नीमडीह, 09 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत रघुनाथपुर उच्च विद्यालय में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत सम्मानित किया गया। जेआईएस फाउंडेशन, चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज द्वारा छात्रों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जेआईएस फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। जिसके तहत छात्रों को उच्च शिक्षा, डिप्लोमा, तकनीकी तथा अल्पकालीन व्यावसायिक (वोकेशनल) पाठ्यक्रमों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।
काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास पाठ्यक्रमों में विशेष रुचि दिखाई तथा इनसे जुड़ने की इच्छा व्यक्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं जेआईएस फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।