रथयात्रा को लेकर चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में हुई शांति समिति की बैठक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 09 जुलाई : आगामी पवित्र रथयात्रा को लेकर चांडिल अनुमंडल मुख्यालय के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ, ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, चांडिल प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रुहिदास, ईचागढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, जिला परिषद सदस्य ज्योतिलाल मांझी, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, समाजसेवी हिकीम चंद्र महतो, जूना अखाड़ा की ओर से महंत इंद्रानंद सरस्वती सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं एवं जूना अखाड़ा की ओर से मांग की गई हैं कि रथयात्रा के पावन अवसर पर चांडिल बाजार के किसी भी दुकान व होटलों में मांस, मछली व अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध रहे। वहीं, बाजार की नालियों में ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव करने की मांग रखी गई। चांडिल के मठिया आश्रम से निकलने वाली रथयात्रा को लेकर मठिया आश्रम में भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस की तैनाती करने, पानी टंकी व एम्बुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया।

अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार ने कहा कि पूर्व की भांति ही इसबार भी रथयात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। शांतिपूर्ण तरीके से सौहार्दपूर्ण वातावरण में रथयात्रा संपन्न कराने की अपील की। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि रथयात्रा के अवधि में सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पाबंदी लगाई जाएगी। रथयात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टिकोण से बिजली भी बाधित रहेगी। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को रथयात्रा वाले मार्ग पर साफ सफाई की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि सभी लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं। सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार एवं अफवाहों से बचें।

Share This Article