चांडिल, 09 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत रुगड़ी में टेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांदरबेड़ा से दोमुहानी की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। युवक को गंभीर चोटें आई है। दुर्घटना के समय वहां से गुजर रहा चिलगु निवासी हाइवे किंग ने तत्काल कपाली पुलिस को सूचना दी। वहीं, शेखर गांगुली ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले फरार ट्रेलर की पहचान और जानकारी दी। गांगुली की सूचना पर कपाली पुलिस ने ट्रेलर का पीछा किया और उसे सोनारी क्षेत्र में पकड़ लिया।
दुर्घटना में घायल युवक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के जामडीह निवासी सुशांत सिंह सरदार के रूप में हुई हैं। वह कपाली के पूड़ीसिली में अपने बहन के यहां से जमशेदपुर जा रहा था, तभी ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना स्थल पहुंच कर कपाली पुलिस ने घायल को उठाया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना की सूचना पर आजसू नेता हरे लाल महतो भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।