अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
चांडिल, 23 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिला के कपाली ओपी पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया काड़ाधारा, शिव मंदिर के पास निवासी जम्मूवन महतो उर्फ जम्बो (26), पिता अंकरू महतो के रूप में हुई है।
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ओपी प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक का पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जाने का इतिहास रहा है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और हथियार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



