कुचाई में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार चुलाई भट्टियां ध्वस्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला/कुचाई, 04 जून : जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने गुरुवार को कुचाई थाना क्षेत्र के जिलिंग्दा गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान चार अवैध महुआ चुलाई भट्टियों को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध शराब बरामद की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने ग्राम जिलिंग्दा में छापेमारी की। अभियान के दौरान चार अवैध चुलाई भट्टियों को नष्ट किया गया। वहीं लगभग 1300 किलोग्राम जावा महुआ तथा 30 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद सामग्री को उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

उत्पाद विभाग ने बताया कि जिन स्थानों पर अवैध शराब निर्माण का कार्य संचालित किया जा रहा था, उनके संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा है।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Share This Article