नगर निकायों में पिछड़ा वर्ग आरक्षण के सत्यापन को लेकर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का स्थलीय भ्रमण

सरायकेला, 30 जुलाई : राज्य में नगर निकायों में पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की प्रक्रिया को पारदर्शी और तथ्यपरक बनाने की दिशा में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में बुधवार को आयोग अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव के नेतृत्व में आयोग के सदस्यों नंदकिशोर मेहता एवं लक्ष्मण यादव ने सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य ट्रिपल टेस्ट के अंतर्गत संपन्न डोर-टू-डोर सर्वे के आंकड़ों की सत्यता की जांच करना था। आयोग ने नगर पंचायत सरायकेला के वार्ड संख्या 3, 6 एवं 10, नगर निगम आदित्यपुर के वार्ड संख्या 12, 13 एवं 16 तथा नगर परिषद कपाली के वार्ड संख्या 16, 19 एवं 20 का दौरा किया।
स्थलीय भ्रमण के दौरान आयोग की टीम ने हर वार्ड से क्रमरहित तरीके से 15–20 परिवारों का चयन कर प्रत्यक्ष संवाद किया। संवाद के माध्यम से मतदाता सूची, जाति श्रेणी, मतदाता संख्या, वोटर कार्ड की वैधता एवं संबंधित मतदान केंद्र की स्थिति जैसे बिंदुओं पर जानकारी ली गई। इन सूचनाओं का मिलान सर्वे में दर्ज विवरणों से कर सत्यता पाए जाने पर आयोग ने संतोष जताया।
वोटर आईडी नंबर के आधार पर तत्काल पोर्टल से ऑनलाइन सत्यापन भी किया गया, जिससे आंकड़ों की प्रामाणिकता और पारदर्शिता को बल मिला। आयोग ने कहा कि यह पहल आगामी निर्णय प्रक्रिया को तथ्यपूर्ण और न्यायसंगत बनाने में सहायक होगी।
इस निरीक्षण में उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, संबंधित अंचल अधिकारी, नगर निकायों के नगर प्रबंधक, बीएलओ समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
यह भ्रमण नगर निकायों में पिछड़े वर्गों के आरक्षण निर्धारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति के रूप में देखा जा रहा है।



