संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापित कर खनिज परिवहन में लगे वाहनों के दस्तावेजों की करें गहन जांच : उपायुक्त

सरायकेला, 22 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापित कर खनिज परिवहन में लगे वाहनों के वैध दस्तावेजों की गहन जांच तथा नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने नियमित जांच करने के साथ जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं खनिज परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सघन निरीक्षण एवं कठोर कार्रवाई के भी निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुरुवार को हुई जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने दिसंबर 2025 एवं जनवरी 2026 के दौरान अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान लौह अयस्क लदा एक ट्रेलर एवं बालू लदे दो हाईवा जब्त किए गए। साथ ही सहरबेड़ा नदी घाट से 10 डोंगी नावों को नष्ट किया गया। अवैध उत्खनन व परिवहन से जुड़े मामलों में दो प्राथमिकी दर्ज की गईं तथा लगभग 8 हजार घनफीट पत्थर खनिज जब्त किया गया।
इस अवधि में छह वाहनों से 1.50 लाख रुपये की दंड राशि वसूली गई। बताया गया कि जिले के विभिन्न जीआर स्थलों पर जब्त किए गए लगभग 12 लाख घनफीट अवैध बालू की ई-ऑक्शन के माध्यम से नीलामी कर करीब 2.30 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसके अलावा चांडिल अनुमंडल के दलमा क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन की सूचना पर संयुक्त छापेमारी कर एक अवैध पत्थर खदान, छह अवैध क्रशर इकाइयों एवं तीन ईंट भट्टों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
मौके पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने अवैध खनन व परिवहन से जुड़ी किसी भी सूचना पर त्वरित एवं गोपनीय छापेमारी कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामलों का शीघ्र न्यायालयीन निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



