चांडिल : पांच माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से मायके पक्ष में आक्रोश

चांडिल, संवाददाता 29 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनडीह गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान अंजली लायक (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की माँ थीं और फिलहाल पाँच माह की गर्भवती भी थीं।
जानकारी के अनुसार, अंजली का शव उसके घर से बरामद किया गया। उसका मायका ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बाकोलतोड़िया गांव में है, जबकि ननिहाल चांडिल थाना क्षेत्र के करनीडीह (टोला भुइयांडीह) में है। घटना की सूचना पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंजली लायक और उसके पति के बीच घरेलू विवाद की स्थिति बनी रहती थी। सोमवार शाम खेत से लौटने के बाद दोनों के बीच शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि इस दौरान अंजली के पति ने उसकी पिटाई भी की थी।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति ने दावा किया है कि अंजली ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, और उसने खुद ही शव को फंदे से नीचे उतारा। हालांकि महिला के गर्भवती होने और विवाद की पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
Manbhum Updates पर अंजली लायक की मौत की खबर प्रकाशित होने के बाद उसके मायके और ननिहाल में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बनडीह गांव पहुंचने लगे हैं। परिजनों का आक्रोश साफ झलक रहा है और उन्होंने इस घटना को स्पष्ट रूप से हत्या बताया है।
फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस ग्रामीणों के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों का अवलोकन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में मातम और तनाव का माहौल है।



