उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनी लोगों की समस्याएं, भूमाफियाओं एवं पार्किंग विवाद की शिकायत

जमशेदपुर, 26 अगस्त : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।
इस दौरान उपायुक्त के समक्ष नागरिकों ने राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, बीपीएल कोटा से निजी विद्यालयों में नामांकन, अनुकंपा पर पीडीएस दुकान का अनुज्ञप्ति, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, लंबित म्यूटेशन, दुकान आवंटन, खाता फ्रीज होने से पेंशन व राशन निकालने में समस्या, जाति प्रमाण पत्र, भूमि दखल एवं विवाद, दिव्यांग व वृद्धा पेंशन, भू-माफिया की शिकायतें, मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ, लंबित भुगतान, सोसाइटी पार्किंग विवाद, पड़ोसी से मकान निर्माण संबंधी विवाद, स्पोर्ट्स आर्म्स लाइसेंस, आवास, ऋण, सड़क मरम्मतीकरण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना एवं भूमि पर अवैध कब्जे जैसी विभिन्न समस्याएं रखीं।
उपायुक्त ने मौके पर ही कई आवेदनों का समाधान कराया और शेष पर नियमित व समयबद्ध निष्पादन का आश्वासन दिया। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।
श्री सत्यार्थी ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



