सरायकेला–खरसावाँ गृह रक्षा वाहिनी में 446 पदों पर नव-नामांकन, 3 से 18 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन – जानिए कैसे करें आवेदन

सरायकेला, 01 दिसंबर : जिला प्रशासन सरायकेला–खरसावाँ ने झारखंड गृह रक्षा वाहिनी में ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के 446 रिक्त पदों पर नव-नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इन पदों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित है।
आवेदन की प्रक्रिया 3 दिसंबर 2025 से शुरू होगी, जो 18 दिसंबर 2025 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट एवं सभी अनुलग्नक अभ्यर्थियों को 3 से 18 दिसंबर के बीच जिला समादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी, सरायकेला–खरसावाँ के कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
योग्यता मानकों के अनुसार अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष (एक जनवरी 2025 को) तय की गई है। ग्रामीण गृह रक्षक पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा 7 उत्तीर्ण जबकि शहरी गृह रक्षक पद के लिए मैट्रिक उत्तीर्ण अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और चिकित्सकीय परीक्षण शामिल रहेंगे। रिक्तियों का विस्तृत विवरण, आरक्षण से संबंधित प्रावधान, चयन प्रक्रिया एवं सभी शर्तें भर्ती पोर्टल पर उपलब्ध हैं। विस्तृत विज्ञापन जिला की आधिकारिक वेबसाइट से भी देखा जा सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी योग्य अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करने और आवश्यक दस्तावेज़ों सहित प्रिंटआउट जमा कराने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विलंब से प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।



