राजनगर में पुलिस-पब्लिक समन्वय पर जोर, नवपदस्थापित थाना प्रभारी से मिले समाजसेवी अजय कुमार गोप
राजनगर, 01 अक्टूबर : सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर थाना के नवपदस्थापित थाना प्रभारी सोनू कुमार से समाजसेवी अजय कुमार गोप ने मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। समाजसेवी अजय कुमार गोप ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और आम लोगों के बीच विश्वास एवं सहयोग जरूरी है।
बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की जरूरत पर जोर दिया गया।
अजय कुमार गोप ने थाना प्रभारी से आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ जनता का सहयोग अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं थाना प्रभारी सोनू कुमार ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा आम लोगों के सहयोग से पुलिसिंग को प्रभावी बनाने का भरोसा दिया।
मौके पर शंकर सरदार भी मौजूद रहे।



