
सरायकेला, 22 मार्च : शहीद दिवस के अवसर पर जिले में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। “मेरा भारत, मेरी ज़िम्मेदारी” अभियान के अंतर्गत मेरा युवा भारत के तत्वावधान में सामुदायिक भवन परिसर तथा सिदो-कान्हू पार्क, सरायकेला में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला युवा पदाधिकारी क्षितिज के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मियों एवं युवा स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने मिलकर श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने सिदो-कान्हू पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। कचरा संग्रहण, झाड़ियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही, लगभग 3-4 वर्ष पूर्व श्रमदान से निर्मित जल सोख्ता (सोख पिट) की सफाई, मरम्मत एवं पुनर्सक्रियकरण भी किया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा पदाधिकारी क्षितिज ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने आसपास की साफ-सफाई और संरक्षण में सहयोग दें।



