उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने बड़ा आमदा पंचायत का किया निरीक्षण, कल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की

सरायकेला/खरसावां, 21 अगस्त : उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने गुरुवार को खरसावां प्रखंड अंतर्गत बड़ा आमदा पंचायत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य केंद्र और मनरेगा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में अबुआ आवास योजना के तहत चयनित लाभुकों को आवास उपलब्ध कराते हुए गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किया गया, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन का संदेश मिला।

डीडीसी ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र का भी अवलोकन किया और स्वास्थ्यकर्मियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समय पर उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की नियमित आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम को शत-प्रतिशत लागू करने और पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
पंचायत स्तर पर अभिलेख एवं पंजी संधारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित कर्मियों को नियमित अद्यतन अभिलेख रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का कार्यान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके।
डीडीसी ने आंगनबाड़ी केंद्र और विद्यालयों में नामांकन, उपस्थिति और पोषण आहार की नियमित निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता एवं रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की बात कही।
अबुआ आवास योजना से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और इसके लिए विभागीय स्तर पर सतत प्रयास जरूरी हैं।



