ग्रामीणों की सतर्कता से खस्सी चोर गिरोह का भंडाफोड़, पीछा कर ऑटो समेत आरोपियों को दबोचा
चांडिल, 12 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और सक्रियता से कथित खस्सी (बकरा) चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। ग्रामीणों ने चोरी कर भाग रहे एक ऑटो का पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसमें लदे खस्सियों समेत आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांडिल के डैम रोड़ पर एक ऑटो में बड़ी संख्या में खस्सी लादकर कुछ लोग तेज़ी से क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को उन पर संदेह हुआ। शक गहराने पर ग्रामीणों ने ऑटो का पीछा शुरू किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोक लिया। जांच करने पर ऑटो में बड़ी संख्या में खस्सी पाए गए, जिसके बाद ग्रामीण सभी खस्सियों और ऑटो को लेकर सीधे चांडिल थाना पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी थाना पहुंच गए और चोरी की शिकायत करने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने दावा किया कि वे पश्चिम बंगाल के बलरामपुर साप्ताहिक हाट से खस्सी खरीदकर ला रहे थे। इसके समर्थन में उन्होंने खरीद की रसीद भी पुलिस को दिखाई।
हालांकि पुलिस जांच में रसीद और बरामद खस्सियों की संख्या में गड़बड़ी सामने आई। रसीद में 16 खस्सियों का उल्लेख था, जबकि ऑटो से कुल 18 खस्सी बरामद किए गए। इसके बाद ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया। जिन ग्रामीणों ने अपने खस्सी चोरी होने का दावा किया, पहचान के बाद उन्हें उनके खस्सी वापस सौंप दिए गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़े चोरी गिरोह का खुलासा होने की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।