कुकड़ू के लेटेमदा गांव में ग्रामीणों को मतदान के महत्व की दी गई विस्तृत जानकारी

कुकड़ू, 25 जनवरी : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार रविवार को कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत लेटेमदा गांव में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) विकास चंद्र महतो एवं फागुराम महतो द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व एवं उद्देश्य के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। पीएलवी द्वारा बताया गया कि भारत में राष्ट्रीय मतदाता दिवस प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को मनाया जाता है। मतदाताओं की घटती भागीदारी को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा इसकी शुरुआत वर्ष 2011 में की गई थी।
ग्रामीणों को बताया गया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य यह है कि जिन नागरिकों की आयु एक जनवरी को 18 वर्ष पूर्ण हो जाती है, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं तथा उन्हें निर्वाचन फोटो पहचान पत्र प्रदान किया जाए।
इसके साथ ही मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने का संदेश दिया गया।
पीएलवी ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की नींव है और प्रत्येक नागरिक का एक-एक वोट देश के भविष्य को दिशा देता है। सही उम्मीदवार का चयन कर ही देश को विकास की सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों से प्रत्येक चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने मताधिकार का प्रयोग निर्भीक एवं निष्पक्ष तरीके से करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लोकतंत्र की मजबूती एवं मतदान के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



