दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान, झारखंड के लिए गौरव का क्षण — बन्ना गुप्ता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान, झारखंड के लिए गौरव का क्षण — बन्ना गुप्ता

 

रांची/ जमशेदपुर, 25 जनवरी : झारखंड के जननायक और आदिवासी समाज के महान नेता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को देश के प्रतिष्ठित पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत किए जाने पर पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। इस सम्मान को लेकर राज्यभर में इसे आदिवासी समाज के संघर्ष और झारखंड की पहचान को मिली राष्ट्रीय स्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय की मिसाल रहा है। उन्होंने दशकों तक जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका संपूर्ण जीवन शोषित, वंचित और आदिवासी समाज की आवाज़ बनने में समर्पित रहा।

बन्ना गुप्ता ने कहा कि दिशोम गुरु के नेतृत्व में चले जनआंदोलन से झारखंड राज्य का निर्माण संभव हो सका। यह राज्य केवल भौगोलिक पहचान नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों का प्रतीक है। उनके संघर्षों से मिली यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।

उन्होंने आगे कहा कि पद्मभूषण सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड की जनता के आत्मसम्मान और गौरव का सम्मान है। देश ने आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान को स्वीकार कर झारखंड के संघर्षों को सम्मान दिया है।

राज्य के राजनीतिक, सामाजिक और आदिवासी संगठनों ने भी इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

Share This Article