राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ग्रामीणों ने लिया मतदान के प्रति सजग रहने का संकल्प

ईचागढ़, 25 जनवरी : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां के सचिव के निर्देशानुसार प्रखंड ईचागढ़ अंतर्गत गौरांगकोचा पंचायत के काठघोड़ा गांव में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी गंगा सागर पाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पीएलवी गंगा सागर पाल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक नागरिक का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह निर्भीक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करे।
उन्होंने कहा कि न केवल स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है, बल्कि अन्य लोगों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को लोकतंत्र को सशक्त बनाने एवं मताधिकार के सदुपयोग की शपथ दिलाई गई।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
पीएलवी उन्होंने ग्रामीणों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने, संविधान के प्रति निष्ठावान रहने तथा समाज में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुधीर उरांव, पंचायत समिति सदस्य तिलक उरांव, सेविका सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।



