दाखिल-खारिज कराने के नाम पर भरत सिंह पर 1.20 लाख रुपये ठगी का आरोप, पीड़ित ने उपायुक्त व एसपी से लगाई न्याय की गुहार
सरायकेला/कपाली, 08 जून: सरायकेला-खरसावां जिले में जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराने के नाम पर 1 लाख 20 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मानगो के जाकिरनगर निवासी महमूद अहमद ने इस संबंध में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता महमूद अहमद के अनुसार, मौजा कपाली, थाना चांडिल क्षेत्र में स्थित उनकी जमीन का म्यूटेशन एवं दाखिल-खारिज कराने के लिए उन्होंने परिचित भरत सिंह और अरविंद सिंह से संपर्क किया था। आरोप है कि दोनों ने प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा देकर उनसे कुल 1 लाख 20 हजार रुपये लिए, लेकिन निर्धारित कार्य नहीं कराया।
महमूद अहमद ने अपने आवेदन में बताया है कि वर्ष 2024 के दौरान उन्होंने अलग-अलग तिथियों में 1 लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से तथा 20 हजार रुपये नकद भुगतान किए थे। उनका आरोप है कि पूरी राशि लेने के बावजूद अब तक जमीन का म्यूटेशन नहीं कराया गया है और न ही उनकी रकम लौटाई गई है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने कई बार संबंधित व्यक्तियों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनके फोन कॉल का जवाब नहीं दिया गया। इससे उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने की आशंका है।
ऑटो रिक्शा चालक महमूद अहमद ने बताया कि उक्त राशि उन्होंने उधार लेकर दी थी। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और रकम फंस जाने से उनके परिवार के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
नोट: यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा प्रशासन को दिए गए आवेदन में लगाए गए हैं। मामले की आधिकारिक जांच एवं संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आना शेष है।