जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में पेयजल योजनाओं की समीक्षा, ड्राई जोन को प्राथमिकता देने का निर्देश
सरायकेला, 08 जून: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान खराब चापाकलों, जलमीनारों एवं बंद पड़ी पेयजल योजनाओं की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू करने तथा छूटे हुए गांवों और टोलों को नल-जल योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन (जेजेएम), सिंगल विलेज स्कीम (एसवीएस), मल्टी विलेज स्कीम (एमवीएस) और वित्त आयोग मद से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने ड्राई जोन एवं पेयजल संकटग्रस्त क्षेत्रों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माणाधीन जलमीनारों एवं अन्य पेयजल संरचनाओं के कार्य में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं को समय पर पूरा कर क्रियाशील बनाया जाए।
बैठक में पेयजल परिसंपत्तियों से उपकरणों की चोरी एवं क्षति की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जलमीनार, चापाकल एवं अन्य पेयजल संरचनाओं की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया गया।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।