गोपाल मैदान में राज्य स्तरीय हैंडलूम एक्सपो ‘हाथकरघा’ 1 से 14 दिसंबर तक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गोपाल मैदान में राज्य स्तरीय हैंडलूम एक्सपो ‘हाथकरघा’ 1 से 14 दिसंबर तक

जमशेदपुर, 28 नवंबर: झारक्राफ्ट एवं झारखंड रेशम, वस्त्र एवं हस्तशिल्प विकास निगम लिमिटेड की ओर से राज्य स्तरीय हैंडलूम एक्सपो ‘हाथकरघा’ का आयोजन आगामी 1 से 14 दिसंबर तक गोपाल मैदान, जमशेदपुर में किया जाएगा। यह कार्यक्रम वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित हो रहा है।

इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य झारखंड के पारंपरिक बुनकरों, हस्तकरघा उत्पादों और स्थानीय हस्तशिल्प को एक व्यापक मंच प्रदान करना है, ताकि उनकी कला, कौशल और उत्पादों को अधिक पहचान मिल सके।

एक्सपो में झारखंड के अलावा देशभर के विभिन्न राज्यों के बुनकर भाग लेंगे और कपास, तसर, रेशम, ऊनी वस्त्र, गृह सज्जा सामग्री, हस्तनिर्मित परिधान सहित कई विशिष्ट हैंडलूम उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री करेंगे।

झारक्राफ्ट की ओर से बताया गया कि यह आयोजन “#MyHandloomMyPride” की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य स्थानीय बुनकरों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत बनाना, पारंपरिक कौशल को बढ़ावा देना और ग्राहकों तक गुणवत्तापूर्ण हस्तकरघा उत्पाद उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आयोजन समिति ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में एक्सपो में शामिल होकर झारखंड की हस्तकरघा परंपरा को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

Share This Article