उपायुक्त ने दिया संदेश— “ग्रामीण क्षेत्रों में खोजी पत्रकारिता फिर से स्थापित होनी चाहिए” – प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां की नई कमेटी ने ली शपथ, पुलिस–प्रशासन ने की सराहना

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

उपायुक्त ने दिया संदेश— “ग्रामीण क्षेत्रों में खोजी पत्रकारिता फिर से स्थापित होनी चाहिए” – प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां की नई कमेटी ने ली शपथ, पुलिस–प्रशासन ने की सराहना

सरायकेला, 21 नवंबर : प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला–खरसावां के तीसरे कार्यकाल का शुभारंभ शुक्रवार को गरिमामय माहौल में हुआ। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत भी उपस्थित रहे। इस दौरान तीन बार लगातार अध्यक्ष चुने गए मनमोहन सिंह राजपूत के नेतृत्व में प्रेस क्लब ने नए अध्याय की शुरुआत की।

शपथ ग्रहण समारोह में संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खोजी पत्रकारिता तेजी से कम होती जा रही है, जिसे पुनः स्थापित करना समय की मांग है। उन्होंने पत्रकारों से निर्भीक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की अपील करते हुए कहा— “पत्रकार लोकतंत्र का आईना होते हैं। किसी दबाव या दुर्भावना में आकर की गई पत्रकारिता कभी समाजहित में नहीं हो सकती।”

उन्होंने नई कमेटी को शुभकामनाएं दीं और पत्रकारों से समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचने वाली समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया।

एसपी मुकेश लुणायत ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार और पुलिस तंत्र एक दूसरे के पूरक हैं।

उन्होंने कहा— “जिले के सभी आंचलिक पत्रकारों को एक मंच पर संगठित देखना सुखद अनुभव है। पुलिस–पत्रकार समन्वय से कई जटिल मामलों का समाधान संभव हो पाता है।”

अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत ने प्रेस क्लब की उपलब्धियों का लेखा–जोखा प्रस्तुत किया और बताया कि संगठन पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर मुखर रहा है। उन्होंने उपायुक्त से चांडिल अनुमंडल में पत्रकार भवन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

कार्यक्रम में गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, सिनी ओपी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद, चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, महासचिव मनोज कुमार चौधरी, समाजसेवी सुमित चौधरी सहित कई अतिथियों ने पत्रकारों को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।

समारोह की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत—पौधा, शॉल और मोमेंटो भेंट से हुई। कार्यक्रम का सांस्कृतिक आकर्षण रहा सरायकेला का प्रसिद्ध छऊ नृत्य, जिसने उपस्थित पत्रकारों व अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शपथ ग्रहण समारोह उत्साह, एकता और सकारात्मक पत्रकारिता की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share This Article