विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Manbhum Updates
2 Min Read

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला, 10 अक्टूबर : विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सदर अस्पताल, सरायकेला-खरसावां के परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम के दौरान मनोचिकित्सक शालिनी कुमारी, पुष्कर भूषण एवं डालसा सचिव तौसीफ मेराज ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच बढ़ाने, गंभीर मानसिक रोगों की अवस्था में योग्य मनोचिकित्सक की देखरेख में उपचार एवं दवाओं के सेवन की आवश्यकता तथा डिप्रेशन, चिंता एवं नकारात्मक भावनात्मक अवस्थाओं में योग एवं ध्यान के महत्व पर बल दिया।

साथ ही, मानसिक रोगियों, विकलांगों एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों के लिए सुलभ कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। उपस्थित जनों को यह बताया गया कि मानसिक रोगियों के लिए परामर्श एवं सहायता हेतु निःशुल्क टोल फ्री नंबर 14416 / 1800-89-14416 पर संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. जुझार मांझी, एनसीडी क्लिनिक के चिकित्सक डॉ. अनिर्बान महतो, डीपीएम, डीपीसी (एनसीडी), डीपीसी (सहिया) तथा एनटीसीपी कंसल्टेंट सहित अन्य चिकित्सक एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का विषय (थीम) था “सेवाओं तक पहुंच: आपदाओं और आपात स्थितियों में मानसिक स्वास्थ्य”।

बताया गया कि यह जागरूकता कार्यक्रम 16 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों एवं सामुदायिक स्थलों पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Share This Article