स्वच्छता को लेकर JNAC में हुई अहम बैठक, GVPs की सफाई और प्रवर्तन पर सख्ती

जमशेदपुर, 11 जुलाई : शहर की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से शुक्रवार को Jamshedpur Notified Area Committee (JNAC) कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने की। इसमें टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रतिनिधियों सहित नगर प्रबंधक ज्योति पुंज, प्रकाश साहू, जॉय गुड़िया और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर में स्वच्छता को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। उप नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि Garbage Vulnerable Points (GVPs) की तत्काल गहन सफाई की जाए और कहीं भी कचरा जमा न होने दिया जाए। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया, खासकर बाजार क्षेत्रों और व्यावसायिक परिसरों में।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि नागरिकों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जाए और इसके लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम का उपयोग नियमित रूप से किया जाए। स्वच्छता नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रवर्तन टीमों को सक्रिय रखने का भी निर्देश दिया गया।
कृष्ण कुमार ने कहा कि स्वच्छता को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए नियमित निगरानी, फील्ड निरीक्षण और साप्ताहिक प्रगति समीक्षाएं अनिवार्य रूप से की जाएंगी।
इस बैठक को शहर की सफाई व्यवस्था में एक नई ऊर्जा और दिशा देने वाला माना जा रहा है, जिससे नागरिकों को अधिक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।



