सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में सीट बढ़ाने की मांग तेज, AIDSO ने कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में सीट बढ़ाने की मांग तेज, AIDSO ने कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन

चांडिल, 01 अगस्त : सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में स्नातक (यूजी) नामांकन के लिए सभी विषयों में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) के बैनर तले छात्रों ने प्राचार्य की अनुपस्थिति में कॉलेज के प्रभारी के माध्यम से कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि कॉलेज के सभी विषयों में निर्धारित सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं, जबकि बड़ी संख्या में योग्य छात्र-छात्राएं सीटों की कमी के कारण नामांकन से वंचित रह गए हैं। संगठन का कहना है कि यदि शीघ्र सीटों में बढ़ोतरी नहीं की गई तो अनेक विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना अधूरा रह जाएगा।

AIDSO के कॉलेज कमेटी सचिव राजा प्रमाणिक ने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल क्षेत्र का एकमात्र डिग्री कॉलेज है, जहां चांडिल अनुमंडल सहित आसपास के ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती इलाकों के विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। अधिकांश छात्रों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे दूसरे शहरों या निजी महाविद्यालयों में महंगी शिक्षा प्राप्त करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में सीटों की सीमित संख्या गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी विषयों में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की, ताकि कोई भी योग्य छात्र उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।

इस दौरान छात्रों ने भी एक स्वर में सभी विषयों में सीट बढ़ाने की मांग दोहराई और कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में विश्वविद्यालय को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कॉलेज कमेटी के सदस्य रोहित प्रमाणिक, सत्यजीत प्रमाणिक, अनीता, अफ्सा परवीन समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Share This Article