उपायुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुखद, सक्रिय जीवन की दी शुभकामनाएं
जमशेदपुर, 01 अगस्त : समाहरणालय सभागार में सेवानिवृत्त हो रहे 9 शिक्षकों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए रामशंकर सिंह, सुतीर्थ कुमार राणा, फुलमनी हेंब्रम, रामनारायण सिंह, रीता कुमारी पॉल, नीलम कुमारी, एमलेन टोपनो, पंकज कुमार सीट एवं अरुण कुमार झा को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला होते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा से सेवानिवृत्ति एक प्रशासनिक प्रक्रिया हो सकती है, किंतु शिक्षक का दायित्व और समाज के प्रति उनका योगदान कभी समाप्त नहीं होता। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उपायुक्त ने सभी शिक्षकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।
अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों की सेवा के दौरान इन शिक्षकों ने असंख्य विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा दी है, जो उनके समर्पण और कर्मनिष्ठा का प्रमाण है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ आगे भी मिलता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का वातावरण आत्मीय, भावनात्मक एवं सम्मानपूर्ण रहा। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक जूही रानी, शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।