रांची में श्रमिक मित्र संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्री से मुलाकात, मानदेय और प्रोत्साहन राशि को लेकर रखी मांग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची में श्रमिक मित्र संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्री से मुलाकात, मानदेय और प्रोत्साहन राशि को लेकर रखी मांग

रांची, 24 सितंबर : झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में झारखंड प्रदेश श्रमिक मित्र संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला समिति के पदाधिकारियों ने आज विभागीय मंत्री संजय यादव से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने श्रमिक मित्रों की समस्याओं और जायज़ मांगों को उनके समक्ष रखा।

प्रतिनिधियों ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में 100 से अधिक तथा पूरे राज्य में 3000 से अधिक श्रमिक मित्र कार्यरत हैं, जो सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने और लाभुकों तक लाभ दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद श्रमिक मित्रों को अब तक मानदेय नहीं दिया जा रहा है, केवल निश्चित राशि बतौर प्रोत्साहन दी जाती है।

उन्होंने यह भी शिकायत की कि पूर्वी सिंहभूम जिले में श्रमिक मित्रों से काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उनकी हाज़िरी दर्ज नहीं की जा रही और प्रोत्साहन राशि भी नहीं मिल रही है। इससे उनका श्रम और अधिकार, दोनों ही उपेक्षित हो रहे हैं।

विभागीय मंत्री संजय यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस विषय का शीघ्र निराकरण किया जाएगा, ताकि सभी श्रमिक मित्रों को उनका उचित अधिकार और लाभ मिल सके।

इस अवसर पर श्रमिक मित्र जिला अध्यक्ष सुशेन कालिंदी के साथ पीतांबर हंसदा, किसंदर सरदार, खुदीराम मुर्मू, विनोद बा, टीबु सोरेन, सुनिर्मल किस्कू, झांटू महतो सहित जिले के सभी प्रखंडों से श्रमिक मित्र बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Share This Article