होली पर्व को लेकर ईचागढ़, तिरुलडीह व नीमडीह थाना में शांति समिति की बैठक

चांडिल, 01 मार्च : होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से ईचागढ़, तिरुलडीह एवं नीमडीह थाना परिसरों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। तीनों थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुई बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से बच्चा चोरी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान आकृष्ट करते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि होली खुशियों और आपसी सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी समुदाय मिल-जुलकर शांतिपूर्वक मनाएं। नशे की हालत में हुड़दंग करने, जबरन रंग लगाने, तेज आवाज में डीजे बजाने तथा असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे समाज में जागरूकता फैलाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की खुशियां मनाएं।



