चौका में कंटेनर ट्रक पलटा, रांची–टाटा मार्ग पर लगा लंबा जाम – प्रशासन की तत्परता से क्रेन मंगवा कर शुरू हुआ सड़क खाली कराने का कार्य

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चौका में कंटेनर ट्रक पलटा, रांची–टाटा मार्ग पर लगा लंबा जाम – प्रशासन की तत्परता से क्रेन मंगवा कर शुरू हुआ सड़क खाली कराने का कार्य

चांडिल, 28 जुलाई : आज शाम करीब 6 बजे चौका थाना क्षेत्र में एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे के कारण रांची से टाटा की ओर जा रहे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना के तुरंत बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए चौका थाना पुलिस सक्रिय हुई और बड़ामटांड मोड़ से ट्रैफिक को सिंगल वे कर धीरे-धीरे आवागमन शुरू कराया गया।

इधर, ट्रक को हटाने के लिए प्रशासन द्वारा क्रेन मंगवाई गई है और सड़क को साफ करने का कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ ही समय में सड़क को पूरी तरह से क्लियर कर दिया जाएगा और यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से बहाल हो जाएगी।

स्थानीय प्रशासन ने रांची से टाटा की ओर जा रहे वाहन चालकों से थोड़ी सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि किसी और अनहोनी से बचा जा सके। मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Share This Article