सरायकेला: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु कड़े निर्देश

सरायकेला, 21 नवंबर : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत, अपर उपायुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने अक्टूबर 2025 में हुई 24 सड़क दुर्घटनाओं का विवरण प्रस्तुत किया, जिनमें 17 लोगों की मृत्यु हुई। उपायुक्त ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक लगाने, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर सख़्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में बिना हेलमेट प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित करने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने JARDCL और NHAI को अपने सड़क खंडों की त्वरित मरम्मत और ब्लैक स्पॉट सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट–सीट बेल्ट जांच अभियान को तेज करने और व्यापक जन-जागरूकता चलाने पर बल दिया।
बैठक में सभी विभागों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के समयबद्ध पालन का आश्वासन दिया, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।



