कांड्रा में भयावह सड़क हादसा: अमलगम प्लांट कर्मचारी ड्यूटी जाते वक्त हाइवा की चपेट में, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांड्रा में भयावह सड़क हादसा: अमलगम प्लांट कर्मचारी ड्यूटी जाते वक्त हाइवा की चपेट में, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

सरायकेला, 21 नवंबर : कांड्रा स्थित अमलगम कंपनी रोड पर शुक्रवार की सुबह दर्द और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब अमलगम स्टील प्लांट के कर्मचारी सुभाष प्रमाणिक एक भीषण हादसे का शिकार हो गए। रोज की तरह वह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन मोड़ पर अचानक आई तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि सुभाष बाइक समेत हाइवा के नीचे फंस गए और लगभग 30 फीट तक घसीटते चले गए। करीब 45 मिनट तक वे वाहन के नीचे ही दबे रहे। स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ने पर प्लांट प्रबंधन ने एक लोडर भेजकर उन्हें बाहर निकालने की व्यवस्था की। गंभीर हालत में सुभाष को जेआरडीसीएल की एम्बुलेंस से जमशेदपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। उन्होंने अमलगम प्लांट प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि संकरी सड़क और ट्रैफिक की लचर व्यवस्था दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Share This Article