नीमडीह, 28 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरका गांव में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कुएं के भीतर युवती का सड़ा-गला शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। सुबह ग्रामीणों की नजर जब कुएं के अंदर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना नीमडीह पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालने की कवायद शुरू की। शुरुआती प्रयासों में स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पोकलेन मशीन मंगाकर भी प्रयास किया गया, परंतु वह भी विफल रहा। अंततः हाइड्रा क्रेन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला जा सका। करीब छह घंटे की कड़ी मेहनत के बाद शव को बाहर निकालने में सफलता प्राप्त हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, कुएं के अंदर एक नुकीले पत्थर के सहारे दुपट्टे से युवती का शव लटका हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।
शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण बुरी तरह से सड़-गल चुका है, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। युवती ने गहरे लाल रंग का सलवार-सूट पहन रखा था, जबकि दुपट्टा भी लाल रंग का है, जिस पर बड़ी बिंदी जैसी आकृति बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि यदि इस संबंध में किसी को कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।