चांडिल, 28 अप्रैल : कहते हैं जिंदगी का सफर काफी मुश्किल होता है। यहां हर कदम फूंक – फूंककर रखना पड़ता है। जिंदगी जीने की जद्दोजहद में कभी-कभी जान भी गंवानी पड़ जाती है। ऐसा ही एक घटना मंगलवार की सुबह चौका थाना क्षेत्र के चावलीबासा में घटी। यहां जिंदगी जीने के दौरान आने वाली मुश्किलों का हल करने की जुगत में जुटी एक वृद्धा की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना ने सभी की आंखें नम कर दी।
दरअसल, टाटा रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौका थाना क्षेत्र के चावलीबासा के समीप मंगलवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक वृद्धा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी चौका थाना की पुलिस को दी। बताया गया कि रांची की ओर से टाटा की ओर जा रही एक बस ने सड़क पार कर रही वृद्धा को धक्का मारा जिसके कारण उसकी मौके पर मृत्यु हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान करने का प्रयास किया। इस क्रम में पता चला कि मृतका चौका थाना क्षेत्र के टुईडूंगरी की रहने वाली लगभग 75 वर्षीय कोंकी उरांव है। कोंकी उरांव की तबीयत खराब थी। सर्दी जुकाम और बदन दर्द की शिकायत रहने पर वह मंगलवार की सुबह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चावलीबासा पहुंची थी।
चावलीबासा अस्पताल से जिंदगी जीने के दौरान आई मुसीबत का हल करने को लेकर कोंकी उरांव दवा लेकर वापस घर लौट रही थी। इस क्रम में सड़क पार करने के दौरान एक यात्री बस ने उसे धक्का मार दिया, जिसके कारण उसकी मौके पर मृत्यु हो गई। दवा सड़क पर ही बिखरे पड़े थे और उसके चलने का सहारा उसकी लाठी सड़क के बीच पड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम में भेजने के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी।