सरायकेला, 27 अप्रैल : उपायुक्त के निर्देश पर टाटा – सरायकेला मार्ग पर दुगनी क्षेत्र में सोमवार को सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
जांच के क्रम में करीब 10 वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया और उन्हें हेलमेट उपलब्ध कराते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने सहित सभी यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
अभियान के दौरान आमजनों से भी अपील की गई कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, मोटर वाहन निरीक्षक दिलीप कुमार एवं रवि प्रसाद सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।