खतियान व छात्र मुद्दों पर JLKM सड़कों पर उतरेगा, 4 दिसंबर से 6 दिवसीय पदयात्रा शुरू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खतियान व छात्र मुद्दों पर JLKM सड़कों पर उतरेगा, 4 दिसंबर से 6 दिवसीय पदयात्रा शुरू

रांची, 04 दिसंबर : शीतकालीन सत्र के दौरान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा खतियान आधारित नियोजन और छात्र हितों को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी में है। संगठन ने 04 दिसंबर से डुमरी के चिरैया मोड़ से 06 दिवसीय पदयात्रा शुरू करने का ऐलान किया है। विधायक जयराम कुमार महतो पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर राजधानी रांची के लिए रवाना करेंगे। यह यात्रा बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ होते हुए 09 दिसंबर को रांची पहुँचेगी। इसके अगले दिन विधानसभा के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आंदोलन की सूचना मुख्य सचिव, डीजीपी और संबंधित जिलों के उपायुक्तों को दे दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खतियान आधारित नियोजन नीति और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी कर रही है, जिससे युवाओं में रोष बढ़ रहा है।

मोर्चा ने प्रि-मैट्रिक व पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान, JPSC–JSSC की लंबित परीक्षाओं को शीघ्र सम्पन्न कराने, प्रतियोगी परीक्षा कैलेंडर जारी करने, खतियान आधारित नियोजन नीति लागू कर रिक्त पदों को भरने तथा निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत भागीदारी मूल झारखंडियों को सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगें रखी हैं।

करीब 180 किलोमीटर की पदयात्रा विभिन्न जिलों के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नए विधानसभा परिसर स्थित धरना स्थल पर समाप्त होगी। इस आंदोलन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को हजारीबाग में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक भी हुई, जिसमें रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Share This Article