गुवा गोलीकांड के शहीदों को झामुमो नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

चाईबासा, 08 सितंबर : झारखंड आंदोलन के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज गुवा गोलीकांड की बरसी पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता व पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी तथा खरसावां विधायक दशरथ गगराई ने सोमवार को शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और झामुमो कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कुणाल षाडंगी ने कहा कि 8 सितंबर 1980 को गुवा में हुई गोलीबारी में कई निर्दोष लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं गया, बल्कि उसी ने झारखंड आंदोलन की ज्वाला को और तेज किया और राज्य निर्माण की नींव रखी। उन्होंने कहा, “गुवा गोलीकांड झारखंड की अस्मिता और अधिकार की लड़ाई का प्रतीक है। शहीदों के बलिदान ने हमें संघर्ष की शक्ति दी। अब हमारा दायित्व है कि उनके सपनों का झारखंड बनाएं – जहाँ न्याय, समानता और युवाओं को अवसर मिले।”
उन्होंने आगे कहा कि यह बलिदान झारखंड की आत्मा में रचा-बसा है और आने वाली पीढ़ियां इसे हमेशा प्रेरणा के रूप में याद करेंगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा शहीदों और उनके परिजनों के सम्मान के लिए निरंतर समर्पित रहेगा।
इस अवसर पर विधायक दशरथ गगराई ने भी शहीदों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान ने ही झारखंड राज्य की राह प्रशस्त की। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शहीदों को नमन किया और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।



