ग्रामीणों को दी गई 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी, बाल सुरक्षा पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

सरायकेला, 15 सितंबर : सरायकेला प्रखंड के नवागाँव और मुड़कुम पंचायत में सोमवार को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में 1098 की व्यापक पहुँच सुनिश्चित करना और बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एक निःशुल्क आपातकालीन सेवा है, जो 24 घंटे उपलब्ध रहती है। इस पर की गई कॉल पूरी तरह गोपनीय होती है और सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की जाती है। संकटग्रस्त बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना इस सेवा की प्राथमिकता है।
जागरूकता अभियान में बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, बाल तस्करी की रोकथाम और बाल अधिकारों की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीण निःसंकोच 1098 पर कॉल कर सकते हैं।
गाँव के लोगों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और बाल संरक्षण से जुड़े संदेशों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने इस तरह की पहल की सराहना की और बच्चों की सुरक्षा में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।



