पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा की, अपराध नियंत्रण और नशा कारोबार रोकथाम पर विशेष जोर

Manbhum Updates
3 Min Read

पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा की, अपराध नियंत्रण और नशा कारोबार रोकथाम पर विशेष जोर

सरायकेला, 24 सितंबर : पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने बुधवार को जिले के सभी थाना प्रभारी एवं अनुसंधानकर्ता पदाधिकारियों के साथ पुलिस मुख्यालय के सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों की बारीकी से समीक्षा करते हुए उनके अविलंब निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों और पूजा-पर्व को लेकर जिला पुलिस की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय रहेगा।

अपराध एवं अवैध नशा कारोबार पर फोकस

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से अपराध नियंत्रण और अवैध नशा कारोबार – शराब, गांजा, अफीम इत्यादि के विरुद्ध अभियान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब, नशे का कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान हाल ही में जिले में नकली एवं अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान की चर्चा भी की गई। इस अभियान के तहत पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की और कई कारोबारियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा, विभिन्न अपराधों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति और मजबूत हुई है।

इन सफल कार्रवाइयों के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और बढ़ा है। आम नागरिक पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत और जिला पुलिस की सक्रियता की खुलकर सराहना कर रहे हैं।

एसपी ने बैठक में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि लंबित कांडों का निपटारा समयबद्ध तरीके से किया जाए और प्रत्येक थाना क्षेत्र में गश्ती एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ और आम जनता में विश्वास दोनों कायम रहना चाहिए।

Share This Article