चांडिल स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं को मेडिकल परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं को मेडिकल परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी

कोटा के कैरियर प्वाइंट संस्थान के सहयोग से जिला प्रशासन की पहल

सरायकेला, 15 सितम्बर : जिला प्रशासन ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब छात्राओं को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा। इसके लिए प्रशासन ने कोटा स्थित कैरियर प्वाइंट संस्थान से सहयोग लिया है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत चांडिल स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं को मेडिकल परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी, वहीं गम्हरिया (आदित्यपुर) स्थित विद्यालय की छात्राओं को इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षाओं, खासकर आईआईटी-जेईई की तैयारी हेतु प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रशासन द्वारा की गई काउंसलिंग प्रक्रिया का असर यह हुआ कि विज्ञान विषय में छात्राओं की रुचि बढ़ी है। पहले केवल 22 छात्राओं ने विज्ञान पढ़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन अब 125 से अधिक छात्राएं विज्ञान विषय चुन चुकी हैं और उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए तैयार हैं।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मेडिकल और आईआईटी-जेईई जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी 12वीं कक्षा से ही शुरू करना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैरियर प्वाइंट के मार्गदर्शन से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।

कैरियर प्वाइंट संस्थान के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि संस्थान द्वारा झारखंड के विभिन्न जिलों में “उज्जवल कदम” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब तक 40 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राएं सरकारी मेडिकल और इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में चयनित हुए हैं। सरायकेला-खरसावाँ जिले में भी इसी तर्ज पर पहल शुरू की गई है।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त नगर निगम आदित्यपुर रवि प्रकाश, उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, विद्यालय की प्राचार्य, वार्डन एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

Share This Article