मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में न हो कोई चूक, पात्र नागरिकों का नाम अवश्य जोड़े जाएं : सुबोध कुमार
गम्हरिया, 23 जून : झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, पुनरीक्षण कार्य की प्रगति तथा निर्वाचन कर्मियों की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नामों का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों से घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।